बरेली। कलियर शरीफ दरगाह से हाजिरी देकर बरेली लौट रहे जायरीन की कार शुक्रवार रात रुद्रपुर रोड पर खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
शीशगढ़ थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव निवासी 25 वर्षीय नदीम अपने दोस्त इरफान, उनकी पत्नी अंजुम, दो वर्षीय बेटी मन्नत और अंजुम की मां समेत अन्य परिजनों के साथ कलियर शरीफ दरगाह पर हाजिरी देने गए थे। सभी बुधवार को बरेली से रवाना हुए थे और शुक्रवार रात वापस लौट रहे थे।
झपकी आते ही डंपर में घुसी कार
रुद्रपुर रोड पर काशीपुर लिंक स्थित महतोष मोड़ के पास पहुंचते ही चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 25 वर्षीय नदीम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो साल की मासूम का पैर टूटा, चार का इलाज जारी
हादसे में इरफान, उनकी पत्नी अंजुम, अंजुम की मां और दो वर्षीय मन्नत गंभीर रूप से घायल हो गए। मासूम मन्नत के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। सभी घायलों का रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के भाई वसीम ने बताया कि कार नदीम ही चला रहे थे। वाहन में कुल छह लोग सवार थे। रास्ते में झपकी आने के कारण कार डंपर में जा घुसी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।