UP NEWSAI चित्र

बरेली/फरीदपुर। प्लाईवुड फैक्ट्रियों में लकड़ी सप्लाई करने वाले व्यापारी ने फैक्ट्री मालिक और उसके परिवार के सदस्यों पर 25.72 लाख रुपये का बकाया हड़पने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रकम मांगने पर व्यापारी को द्वारिकेश पुल के पास रोककर पीटा गया। पुलिस ने मंगलवार को फैक्ट्री मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

किसानों से लकड़ी खरीदकर फैक्ट्रियों में करते हैं सप्लाई

फर्रखपुर मझौआ गांव निवासी सदर खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह किसानों से लकड़ी खरीदकर प्लाईवुड फैक्ट्रियों में सप्लाई करते हैं। उन्होंने एक जुलाई 2025 से 25 जनवरी 2026 के बीच कैंट थाना क्षेत्र में कचहरी के पीछे रहने वाले रवि नेमानी की तीन फैक्ट्रियों में लकड़ी की सप्लाई की। इनमें परसाखेड़ा और फरीदपुर स्थित पांचजन्य प्लाई फैक्ट्री समेत एक अन्य फैक्ट्री शामिल है।

79.26 लाख मिले, 25.72 लाख बकाया होने का दावा

सदर खां के मुताबिक, लकड़ी की सप्लाई के एवज में उन्हें 79.26 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि 25.72 लाख रुपये बकाया रह गए। आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर उन्हें लगातार टालमटोल कर भुगतान नहीं किया गया।

पांच जून को रुपये मांगने पहुंचे तो हुआ विवाद

व्यापारी का आरोप है कि पांच जून को वह बकाया रकम मांगने पहुंचे। वहां फैक्ट्री मालिक रवि नेमानी, उनके बेटे श्लोक नेमानी व मानक नेमानी और भांजे यश अग्रवाल ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उन्हें द्वारिकेश पुल के पास रोक लिया और मारपीट की। दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

चार के खिलाफ मुकदमा, पुलिस ने शुरू की जांच

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्लाईवुड फैक्ट्री मालिक रवि नेमानी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *