बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में 100 फुटा रोड पर बाइक सवार दंपती को कार सवार युवक ने रोक लिया। आरोप है कि युवक ने महिला के पति से उसकी पत्नी को 10 हजार रुपये लेकर कार में बैठाने की बात कही। दंपती ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने डायल 112 पर सूचना देकर राहगीरों की मदद से आरोपी को पकड़वा दिया। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। महिला की तहरीर पर इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
संजयनगर निवासी पीड़िता के मुताबिक, 29 सितंबर की सुबह वह अपने पति और चार वर्षीय बेटी के साथ बाइक से बच्चे की दवाई लेने जा रही थीं। बाइक उनके पति चला रहे थे। इसी दौरान 100 फुटा रोड पर पीछे से एक कार सवार युवक लगातार हॉर्न बजाने लगा।
बाइक के पास कार लगाकर जबरन रुकवाया
आरोप है कि कार सवार ने बाइक के बराबर में कार लगाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद युवक ने महिला के पति से पूछा कि ‘कितने रुपये लोगे?’ पति ने बताया कि वह परिवार के साथ हैं और उससे क्या काम है। आरोप है कि युवक ने इसके बाद महिला को 10 हजार रुपये में कार में बैठाने की बात कही। महिला और उसके पति ने युवक की बात का विरोध किया और बाइक आगे बढ़ा दी। आरोप है कि इससे युवक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। उसने पैसे लेने की बात दोहराते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी।
राहगीरों की मदद से पकड़ा गया आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला और उसके पति ने राहगीरों की मदद से कार सवार युवक को पकड़वा दिया। पुलिस उसे थाने ले गई। महिला ने आरोपी की पहचान शोएब के रूप में करते हुए इज्जतनगर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस हिरासत में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों व आरोपों की पुष्टि की जा रही है।