बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला के पिता ने उसके डॉक्टर पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पति महिला को जहरीली दवाएं और इंजेक्शन देता था। 21 सितंबर की सुबह ससुराल वालों ने पहले उसे कमरे में बंद कर पीटा और फिर छत से नीचे फेंक दिया। महिला का पैर टूट गया और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भरतौल निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में अपनी बेटी सलौनी की शादी शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र के भन्नीखेड़ा निवासी रामगोपाल से की थी। शादी के बाद सलौनी के दो बेटे हुए। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति रामगोपाल, ससुर तेजपाल, सास ऊषा देवी, देवर दीपक व अमन, ननद रचना और जेठ पप्पू दहेज की मांग को लेकर सलौनी को परेशान करते थे।
पहले कमरे में बंद किया, फिर छत पर ले गए
तहरीर के मुताबिक 21 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे सलौनी को ससुराल वालों ने कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। इसके बाद उसे छत पर ले जाकर गला दबाने की कोशिश की गई। महिला के बाल काटकर उसे अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया है। पिता का आरोप है कि मारपीट के बाद सलौनी को जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया गया। नीचे गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसका एक पैर बुरी तरह टूट गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
डॉक्टर पति पर जहरीला इंजेक्शन देने का आरोप
सलौनी के पिता ने अपने दामाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पेशे से डॉक्टर है और उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक नुकसान पहुंचाने के लिए कथित तौर पर जहरीली दवाएं और इंजेक्शन देता था। तहरीर में ससुर पर तमंचे की बट से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। संतोष कुमार के मुताबिक घटना की जानकारी उन्हें सलौनी के पड़ोसी ने फोन पर दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और घायल बेटी को लेकर जिला अस्पताल आए। महिला की हालत गंभीर बताई गई है।
बच्चों से भी बात नहीं करने देने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि उसके दोनों बेटे पति के पास हैं। उसका आरोप है कि उसे अपने बच्चों से फोन पर बात तक नहीं करने दी जा रही है। पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।