UP NEWSजिला अस्पताल में भर्ती मासूम।

बरेली। शीशगढ़ थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहे चार साल के मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को कई जगह नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। बच्चे के शरीर पर कई जगह दांत के निशान हैं और कूल्हे पर चार टांके लगाए गए हैं।

घर के बाहर खेल रहा था बच्चा, अचानक टूट पड़े कुत्ते

सराय गांव निवासी युवक ने बताया कि उसका चार साल का बेटा शरद रविवार को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया। हमले में बच्चे के शरीर के कई हिस्सों पर दांत के निशान बन गए। कूल्हे पर गहरा घाव होने के कारण चार टांके लगाने पड़े।

पोल्ट्री फार्म से निकलने वाले मृत मुर्गों पर उठे सवाल

परिजनों का आरोप है कि गांव के आसपास कई पोल्ट्री फार्म संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ पोल्ट्री फार्म संचालक मृत मुर्गों को खुले में फेंक देते हैं। इन्हें खाने से इलाके में घूमने वाले कुत्ते आक्रामक हो रहे हैं। उनका आरोप है कि मांस नहीं मिलने पर यही कुत्ते बच्चों पर हमला कर रहे हैं।

एक महीने में कई बच्चों पर हमले का दावा

पीड़ित परिवार का कहना है कि पिछले एक महीने में इलाके में कुत्तों के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कई बच्चे घायल हुए हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों में कुत्तों के झुंड को लेकर डर बना हुआ है।

पोल्ट्री फार्म संचालकों पर कार्रवाई की मांग

बच्चे के परिजनों ने खुले में मृत मुर्गे फेंकने वाले पोल्ट्री फार्म संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *