नगर पंचायत के रिक्त सदस्य पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू

बरेली। नगर पंचायत के रिक्त सदस्य पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) अविनाश सिंह ने उपचुनाव की समय-सारिणी जारी कर दी है। हालांकि, जिन रिक्त पदों पर किसी न्यायालय का स्थगन आदेश प्रभावी है, वे उपचुनाव से प्रभावित रहेंगे।

18 सितंबर से 24 सितंबर तक दाखिल होंगे नामांकन

जारी कार्यक्रम के मुताबिक 18 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन की प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगी। इसके बाद 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी।

28 को नाम वापसी, 29 सितंबर को प्रतीक आवंटन

अभ्यर्थियों के लिए नामांकन वापस लेने की तारीख 28 सितंबर निर्धारित की गई है। इस दिन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी होगी। इसके अगले दिन 29 सितंबर को सुबह 11 बजे से कार्य समाप्ति तक प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

13 अक्टूबर को मतदान, 15 को मतगणना

नगर पंचायत सदस्य पद के लिए 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और कार्य समाप्ति तक चलेगी।

तहसील सदर में पूरी होगी चुनावी प्रक्रिया

नामांकन पत्र प्राप्त करने, उनकी जांच, नाम वापसी, प्रतीक आवंटन और मतगणना की कार्रवाई तहसील मुख्यालय-सदर पर कराई जाएगी। संबंधित निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी को चुनाव कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित कराने के साथ नगर पंचायत मुख्यालय के सूचना पट्ट पर भी सार्वजनिक सूचना चस्पा की जाएगी।

छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे संबंधित कार्यालय

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के बीच पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और तय समय-सारिणी के अनुसार निर्वाचन संबंधी कार्यवाही जारी रहेगी। उपचुनाव उत्तर प्रदेश नगर पालिका (सदस्यों, पार्षदों, अध्यक्षों और महापौरों का निर्वाचन) नियमावली, 2010 के प्रावधानों के तहत कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *