bareillyपुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी।

बरेली। 26 सितंबर 2025 को हुई हिंसा की जांच में पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। मामले में फरार चल रहे रफीक बेग और मुख्तियार अहमद उर्फ मुख्तार अहमद को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को मौलाना तौकीर रजा के करीबी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया हिंसा से सात दिन पहले हुई बैठक में दोनों मौजूद थे और घटना वाले दिन भी भीड़ के साथ इस्लामिया ग्राउंड की ओर गए थे।

कैंट पुलिस को मंगलवार सुबह दोनों के फरीदापुर चौधरी इलाके में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर खाली मैदान के पास से 58 वर्षीय रफीक बेग और मुख्तियार अहमद को पकड़ लिया। दोनों इज्जतनगर के फरीदापुर चौधरी के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने घटना वाले दिन भीड़ के साथ इस्लामिया ग्राउंड की तरफ जाने की बात स्वीकार की है। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर बताया कि हालात बिगड़ने के बाद वे कचहरी की ओर निकल गए थे। मामले में कई लोगों के जेल जाने के बाद से दोनों गिरफ्तारी से बच रहे थे।

हिंसा से सात दिन पहले हुई थी बैठक, 100 से ज्यादा लोग जुटने का दावा

पुलिस की पूछताछ में सामने आई कहानी ने जांच को नया मोड़ दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने बताया कि 19 सितंबर 2025 को एक बैठक बुलाई गई थी। वहां जगह कम पड़ने पर बैठक को बेग मैरिज हॉल में शिफ्ट किया गया। पुलिस का दावा है कि वहां करीब 100 से 125 लोग जुटे थे। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि इसी बैठक में 26 सितंबर के घटनाक्रम को लेकर चर्चा हुई थी। पुलिस ने इस बैठक को हिंसा की कथित योजना से जोड़ते हुए मौलाना तौकीर रजा की भूमिका का भी आरोप लगाया है। ये दावे पुलिस की विवेचना और कथित पूछताछ पर आधारित हैं और अदालत में इनका परीक्षण होना बाकी है।

पुलिस ने सामने रखा दंगे का वीडियो, कई चेहरों की हुई पहचान

पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों को 26 सितंबर की हिंसा से जुड़े वीडियो भी दिखाए। पुलिस का दावा है कि वीडियो देखते समय दोनों ने कुछ लोगों को पहचानकर उनके नाम बताए हैं। अब इन नामों और वीडियो फुटेज का मिलान कराया जा रहा है। पुष्टि होने पर पुलिस की कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है। 26 सितंबर 2025 की हिंसा को लेकर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें मौलाना तौकीर रजा समेत 25 लोगों को नामजद करने के साथ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस के मुताबिक जांच आगे बढ़ी तो अब तक 66 और लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। इनकी भूमिका की जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।

रफीक पर 11 मुकदमे, मुख्तियार के खिलाफ चार केस का रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रफीक बेग के खिलाफ कोतवाली, प्रेमनगर, किला और बारादरी समेत अलग-अलग थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 2025 की हिंसा से जुड़े कई मुकदमे शामिल हैं। मुख्तियार अहमद के खिलाफ चार मुकदमों का रिकॉर्ड पुलिस ने जारी किया है। इनमें इज्जतनगर में 2004 और 2014 में दर्ज मामले भी शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अब वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों पर टिक गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले नामों की तस्दीक की जा रही है। जिन लोगों की भूमिका की पुष्टि होगी, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। कैंट थाना प्रभारी संजय कुमार धीर के नेतृत्व में कैंट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *