बरेली। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर फरीदपुर टोल प्लाजा के पास एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। बेकाबू ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक का कमर से नीचे का हिस्सा स्टेयरिंग, सीट और लोहे के एंगल के बीच बुरी तरह फंस गया। दर्द से कराह रहे चालक को निकालने के लिए दमकल कर्मियों को हाइड्रोलिक कटर से ट्रक का केबिन काटना पड़ा। लंबे रेस्क्यू के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
हादसा सोमवार सुबह करीब 5:57 बजे थाना फरीदपुर क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास हुआ। सूचना मिलते ही फरीदपुर अग्निशमन केंद्र से अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सचिन कुमार के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक के ब्रेक फेल होने के बाद वह डिवाइडर से टकराया और अनियंत्रित होकर पलट गया।
स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गए दोनों पैर
ट्रक चला रहे सीतापुर के पिसावा थाना क्षेत्र निवासी शिवपूजन पुत्र बृजेश मिश्रा के दोनों पैर केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। स्टेयरिंग, चालक की सीट और लोहे के एंगल के बीच फंसे होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पा रहे थे। दमकल कर्मियों ने पहले हाइड्रोलिक कटर से स्टेयरिंग काटा। इसके बाद केबिन के लोहे के एंगल काटे गए। इसके बावजूद चालक के पैर नहीं निकल सके तो हाइड्रोलिक टेलीस्कोप जैक की मदद से सीट और एंगल के बीच जगह बनाई गई।
एक-एक कर निकाले दोनों पैर
रेस्क्यू टीम ने स्टेयरिंग और सीट के पाइप काटकर पहले चालक का एक पैर बाहर निकाला। दूसरा पैर ब्रेक और लोहे के एंगल के बीच फंसा था। सीट के बाकी पाइप काटने के बाद दूसरा पैर भी बाहर निकाला जा सका। चालक शिवपूजन को घायल अवस्था में एंबुलेंस से वंश हॉस्पिटल, बरेली भेजा गया। हादसे के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
अग्निशमन अधिकारी संजीव ने बताया घटनाक्रम
अग्निशमन अधिकारी संजीव ने बताया कि ट्रक पलटने के कारण चालक को निकालना काफी मुश्किल था। हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से केबिन के हिस्सों को काटकर जगह बनाई गई और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी दमकल टीम के रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना की।