bareillyAI चित्र।

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में ज्योतिषी की बातों में आकर एक युवती ने घर में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवर और 1.10 लाख रुपये नकद कथित तौर पर ज्योतिषी को दे दिए। जानकारी होने पर परिजन के होश उड़ गए। युवती की मां ने दो लोगों पर बहला-फुसलाकर जेवर और रुपये निकलवाने, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फोन पर होती थी ज्योतिषी से बातचीत

ट्यूलिप ग्रैंड निवासी किरन गौतम ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी अनुष्का गौतम की सुनैना नाम की ज्योतिषी से फोन पर बातचीत होती थी। आरोप है कि सुनैना और सैम ने अनुष्का से मीठी-मीठी बातें कर उसे अपने प्रभाव में ले लिया। इसके बाद घर में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवर और 1.10 लाख रुपये नकद निकलवा लिए।

मां ने दबाव देकर पूछा तो सामने आई बात

किरन के मुताबिक जब उन्हें घर से जेवर और नकदी गायब होने की जानकारी हुई तो उन्होंने बेटी से पूछताछ की। इस पर अनुष्का ने डरते हुए बताया कि उसने जेवर और रुपये सुनैना और सैम को दिए हैं। इसके बाद मां के कहने पर अनुष्का ने दोनों से फोन पर बात की।

जेवर मांगने पर दी धमकी

शिकायत के मुताबिक फोन पर जेवर और रुपये वापस मांगने पर दोनों ने कथित तौर पर गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने रुपये और जेवर वापस करने से साफ इनकार कर दिया और शिकायत करने पर जान से मरवाने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में किरन गौतम की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने सुनैना और सैम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती से जेवर और नकदी किस तरह ली गई और रकम व जेवर फिलहाल कहां हैं। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों और अन्य तथ्यों की भी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *