बरेली। नंबर प्लेट पर ‘रावण’ लिखवाकर और मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज धमाकेदार आवाज निकालकर सड़क पर दौड़ रही बुलेट बाइक के खिलाफ आरटीओ की टीम ने सख्त कार्रवाई की। नैनीताल रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक को रोककर पहले 28 हजार रुपये का चालान किया गया, फिर वाहन को सीज कर इज्जतनगर थाने में खड़ा करा दिया गया।

आरटीओ (प्रवर्तन) प्रवण झा के नेतृत्व में पीटीओ रमेश प्रजापति की टीम मंगलवार को नैनीताल रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तराखंड नंबर की एक बुलेट बाइक तेज आवाज के साथ आती दिखाई दी। टीम ने बाइक को रोका तो पीछे नंबर प्लेट की जगह ‘रावण’ लिखा मिला। इसके बाद जब साइलेंसर की जांच कराई गई और युवक से एक्सेलेटर देने को कहा गया तो साइलेंसर से गोली जैसी ‘ठाय-ठाय’ की तेज आवाज निकली। जांच में ध्वनि स्तर 109 डेसिबल से अधिक पाया गया, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है।

रुद्रपुर का रहने वाला है युवक

पूछताछ में युवक ने बताया कि वह रुद्रपुर का रहने वाला है और बरेली रिश्तेदारी में आया था। उसने दावा किया कि बाइक उसकी नहीं है, वह किसी परिचित से मांगकर लाया था। जांच में पता चला कि बाइक पर पहले से चार चालान भी दर्ज थे।

मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ चल रहा है अभियान

हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत आरटीओ टीम ने बाइक का 28 हजार रुपये का चालान करने के बाद उसे सीज कर इज्जतनगर थाने भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *