बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को आध्यात्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बरेली का ऐतिहासिक वनखंडीनाथ मंदिर तेजी से नई पहचान हासिल करने जा रहा है। मंदिर परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, जिससे यह केवल श्रद्धा का केंद्र ही नहीं, बल्कि शहर का आइकॉनिक धार्मिक और पर्यटन स्थल भी बनेगा।

परियोजना के तहत मंदिर परिसर स्थित पार्क को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। यहां हरियाली बढ़ाने के लिए आकर्षक लैंडस्केपिंग, सुंदर पाथ-वे, बैठने की आधुनिक व्यवस्था और पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को भी बेहतर और शांत वातावरण मिलेगा।

मंदिर की भव्यता को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए परिसर में आधुनिक फसाड लाइटिंग भी लगाई जा रही है। रात के समय रोशनी से नहाया वनखंडीनाथ मंदिर अपनी अलग पहचान बनाएगा और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

बरेली के साथ नाथ मंदिरों में है प्रमुख पहचान

महाभारतकालीन वनखंडी नाथ मंदिर अपनी प्राचीन सभ्यता संस्कृति के लिए जाना जाता है। बरेली के सात नाथ मंदिर में इसकी प्रमुख पहचान है।वनखंडीनाथ मंदिर को स्वच्छ, सुंदर और मॉडल धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और शहर की सांस्कृतिक पहचान भी मजबूत होगी। सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद वनखंडीनाथ मंदिर न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र रहेगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वातावरण के कारण बरेली की नई धार्मिक पहचान के रूप में भी स्थापित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *