बरेली। भीषण गर्मी के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने और लाइन लॉस कम करने के लिए बिजली विभाग ने जिला प्रशासन, पुलिस और विजिलेंस के साथ मिलकर दूसरे दिन भी सघन अभियान चलाया। दो दिन तक चले इस संयुक्त अभियान में 629 परिसरों की जांच की गई, जिनमें 100 स्थानों पर एलटी लाइन से कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी आरोपियों के खिलाफ एपीटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि 156 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटकर 6.66 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की गई।

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश के निर्देश पर गठित 10 विशेष संयुक्त टीमों ने 6 और 7 जुलाई को जगतपुर सबस्टेशन के एजाज नगर, जगतपुर, मीरा की पैठ, नई बस्ती जोगी नवादा, ठिरिया, देवरनिया, सिरौली, शाही, न्यू डी खुर्द, गिरधरपुर, आंवला टाउन और मनौना समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में बॉडी वॉर्न कैमरों के साथ मॉर्निंग रेड की। अभियान के दौरान मौके से अवैध केबल जब्त कर सभी अवैध कनेक्शन तत्काल हटाए गए और मामलों को आरएमएस पोर्टल पर भी अपलोड किया गया।

0

ई-रिक्शा स्टैंड पर भी पकड़ी गई बिजली चोरी

जगतपुर क्षेत्र के चक महमूद इलाके में अवैध रूप से संचालित एक ई-रिक्शा स्टैंड पर एलटी लाइन से सीधे कटिया डालकर पांच ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे थे। विभाग ने मौके पर बिजली चोरी पकड़ी और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इसी क्षेत्र में रुखशाना पत्नी इस्लाम के खिलाफ भी बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया गया। बिजली विभाग का कहना है कि बिजली चोरी के कारण ट्रांसफार्मरों और लाइनों पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे बार-बार ट्रिपिंग होती है और नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को भी बिजली आपूर्ति में बाधा का सामना करना पड़ता है।

अभियान लगातार जारी रहेगा

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने कहा कि बिजली चोरी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं बिजली चोरी हो रही है तो इसकी गोपनीय सूचना विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *