लोगों की जांच करती ट्रैफिक पुलिस

बरेली। सड़क पर फर्राटा भरने वाले लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ बरेली पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए दो दिन में 821 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। नशे में वाहन चलाने वालों से लेकर प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा। कार्रवाई के दौरान 62.34 लाख रुपये से अधिक का चालान किया गया।

यातायात निदेशालय के निर्देश पर एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान के निर्देशन में 6 और 7 जून को विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। फतेहगंज पश्चिमी के ठिरिया खेतल, बहेड़ी के मुड़िया, भोजीपुरा के दोहना, हाफिजगंज के लभेड़ा और फरीदपुर टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे तक संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात पुलिस, स्थानीय थाना पुलिस, इंटरसेप्टर वाहन और परिवहन विभाग की टीमों को लगाया गया।

8279 वाहनों की जांच, नशेबाज चालकों पर सबसे बड़ी मार

दो दिनों के अभियान में कुल 8,279 वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच के दौरान 126 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले। इसके अलावा 307 वाहनों में प्रेशर हॉर्न, 9 में मॉडिफाइड साइलेंसर और 379 वाहनों में फाल्टी नंबर प्लेट या बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट पाई गई। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

सिर्फ चालान नहीं, यात्रियों से भी किया संवाद

अभियान के दौरान पुलिस ने मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम भी चलाया। परिवार के साथ सफर कर रहे यात्रियों से संवाद स्थापित किया गया, उनका हालचाल जाना गया और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई गई। इससे पुलिस की जनसहभागिता और यातायात जागरूकता अभियान को भी मजबूती मिली। एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, प्रेशर हॉर्न, हूटर और अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस ही नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *