accidentघटनास्थल पर मौजूद लोग

बदायूं। जिले में सोमवार सुबह दो अलग-अलग हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक ओर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, तो दूसरी ओर खाद से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे पर पलटने से चालक ने दम तोड़ दिया। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

बिनावर थाना क्षेत्र के उझौली गांव के पास बरेली-कासगंज रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान गिरधरपुर निवासी हरिओम श्रीवास्तव (20) के रूप में हुई। पुलिस को उसके बैग से मथुरा से घटपुरी तक का रेलवे टिकट और संत प्रेमानंद महाराज का फोटो भी मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हरिओम मथुरा से अपने गांव लौट रहा था। उझौली गांव के पास ट्रेन की रफ्तार कम होने पर उसने उतरने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। हरिओम पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी और माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

खाद से लदा ट्रैक्टर पलटा, चालक की गई जान

दूसरा हादसा अलापुर थाना क्षेत्र में बदायूं-फर्रुखाबाद हाईवे पर हुआ। संभल जिले के चंदौसी निवासी तालिब पुत्र अशरफ खाद से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर म्याऊं की ओर जा रहा था। अभियासा गांव के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक तालिब गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। सोमवार सुबह हुए इन दोनों हादसों ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *