बरेली। सोशल मीडिया पर खुद को लंदन निवासी एनआरआई बताकर दोस्ती करने वाले साइबर ठग ने बिथरी चैनपुर क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर 62 हजार रुपये की ठगी कर ली। पहले भारत आकर शादी करने का भरोसा दिलाया, फिर दिल्ली एयरपोर्ट पर चेकिंग में फंसने की कहानी गढ़कर रुपये मंगवाए।

इसके बाद उसका साथी पुलिस अधिकारी बनकर और रकम वसूलता रहा। आखिर में अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी मिलने पर युवती को ठगी का एहसास हुआ और उसने बिथरी चैनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

3 माह पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

पुलिस के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले इंस्टाग्राम पर विपिन गुप्ता नाम से एक युवक ने युवती से संपर्क किया। उसने खुद को लंदन में रहने वाला एनआरआई बताया और धीरे-धीरे व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू कर दी। विश्वास जीतने के बाद उसने भारत आकर शादी करने की बात कही। इसी दौरान ई-टिकट बनवाने का बहाना बनाकर युवती से आधार कार्ड की कॉपी भी हासिल कर ली। अगले दिन आरोपी ने फोन कर बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच चुका है, लेकिन चेकिंग के दौरान उसे रोक लिया गया है। उसने जुर्माना भरने के लिए तत्काल 12 हजार रुपये ऑनलाइन भेजने को कहा। भरोसे में आकर युवती ने रकम ट्रांसफर कर दी।

पुलिस अधिकारी बन दूल्हे को छोड़ने के नाम पर फिर मांगे 50000

इसके बाद दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए आरोपी को छोड़ने के नाम पर और रुपये मांगे। युवती ने उसके कहने पर 50 हजार रुपये भी ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद फर्जी पुलिस अधिकारी बने ठग ने युवती को उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी। तब युवती को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।

बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज, जांच शुरू

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में न आएं, किसी के साथ आधार कार्ड या अन्य निजी दस्तावेज साझा न करें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *