up newsमृतक का भाई

बदायूं। सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद एक परिवार पर भारी पड़ गया। शादी की पहली सालगिरह से कुछ दिन पहले 25 वर्षीय युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पत्नी के सोशल मीडिया पर लगातार रील बनाने और इसी बात को लेकर होने वाले विवाद से युवक मानसिक तनाव में था।

शादी के बाद बढ़ने लगा विवाद

बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गजरामपुर गांव निवासी सोहन सिंह यादव की शादी 2 जून 2025 को अलीगढ़ जिले के हरनौथपुर गांव की गुंजन यादव से हुई थी। परिजनों के अनुसार, गुंजन को सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक था और शादी के बाद भी वह इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करती रहीं। शुरुआत में परिवार ने इसे सामान्य माना, लेकिन बाद में यही बात पति-पत्नी के बीच विवाद का कारण बन गई।

लाइक्स और व्यूज को लेकर बढ़ी दूरी

परिवार का कहना है कि सोहन कई बार पत्नी को रील बनाने से मना करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ दिन पहले पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद सोहन काफी परेशान रहने लगा था।

फोन पर हुई बहस के बाद उठाया कदम

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात सोहन ने पत्नी से फोन पर बात कर रिश्ते सुधारने की कोशिश की, लेकिन बातचीत के दौरान फिर विवाद हो गया। इसके बाद सोमवार को उसने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का छोटा भाई घटना को बताते-बताते भावुक हो गया और रो पड़ा।

सालगिरह की खुशियां मातम में बदलीं

जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की पहली सालगिरह मनाने की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। गांव में भी घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *