बरेली। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 625 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने नशे के नेटवर्क से जुड़े दो अन्य युवकों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

थाना किला पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब 2:48 बजे श्मशान भूमि फाटक से कुछ दूरी पर स्थित टीले के पास कार्रवाई करते हुए सलमान खान (25) निवासी मिलक नवादिया को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 625 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुड़िया बनाकर करता था गांजे की बिक्री

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह मिलक नवादिया निवासी शाहरुख और रिजवान से गांजा लेकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर बेचता था। इस अवैध धंधे से होने वाले मुनाफे को तीनों आपस में बांट लेते थे। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को भी मामले में शामिल कर लिया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना किला में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा

किला इंस्पेक्टर अचल कुमार ने बताया कि जिले में अपराध एवं नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत किला पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अचल कुमार, उपनिरीक्षक वकार अहमद, राहुल कुमार, अमरजीत सिंह, कांस्टेबल नरेश, दीपचंद और कांस्टेबल विकास कुमार की टीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *