बरेली। चाइनीज मांझा से गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के भतीजे के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बारादरी थाने में पहली बार चाइनीज मांझा बेचने वाले विक्रेता और इसका इस्तेमाल करने वाले पतंगबाज के खिलाफ हत्या के प्रयास (जानलेवा हमला) की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस अब ड्रोन कैमरों की मदद से पतंगबाजी के अड्डों की निगरानी कर चाइनीज मांझा इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई करेगी।

श्यामगंज फ्लाईओवर पर हुआ था हादसा

प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के भतीजे एवं ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार के 15 वर्षीय पुत्र आदित्य वीर सिंह गंगवार सोमवार सुबह श्यामगंज फ्लाईओवर के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए थे। गांधी उद्यान की ओर जाते समय साई मंदिर के सामने मांझा उनके गले में फंस गया, जिससे गर्दन, कान और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पहली बार दर्ज हुई हत्या के प्रयास की रिपोर्ट

मामले में बारादरी थाने के एसआई योगेश कुमार लोहकना की ओर से अज्ञात विक्रेता और पतंगबाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस का मानना है कि धारदार हथियार की तरह काम करने वाले चाइनीज मांझे ने किशोर की जान को खतरे में डाल दिया। इसी आधार पर इसे गंभीर अपराध मानते हुए हत्या के प्रयास की धाराओं में कार्रवाई की गई है। बरेली में पतंगबाजी के दौरान हुए हादसे में इस तरह की रिपोर्ट पहली बार दर्ज हुई है।

ड्रोन से तलाशे जाएंगे पतंगबाजी के अड्डे

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं। सोमवार रात और मंगलवार दिनभर आजमनगर, पुराना शहर, किला समेत कई इलाकों में छापेमारी कर चाइनीज मांझे की तलाश की गई, लेकिन कहीं से बरामदगी नहीं हो सकी। पुलिस ने कुछ पतंगबाजों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। अब ड्रोन कैमरों की मदद से छतों और पतंगबाजी के प्रमुख ठिकानों की निगरानी की जाएगी।

ऑनलाइन बिक्री बनी बड़ी चुनौती

स्थानीय बाजारों में चाइनीज मांझा नहीं मिलने के बावजूद इसकी ऑनलाइन बिक्री पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। लोगों का कहना है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से चाइनीज मांझा मंगाया जा रहा है। पुलिस अब ऑनलाइन सप्लाई चेन पर भी नजर रखते हुए रणनीति तैयार कर रही है।

अस्पताल में लगा नेताओं का तांता

मंगलवार को गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे तथा आदित्य का हालचाल जाना। चिकित्सकों के अनुसार घायल किशोर की स्थिति अब स्थिर है और दो-तीन दिन में उसे अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। चाइनीज मांझा से हुए हादसे को बेहद गंभीरता से लिया गया है। विक्रेता और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ड्रोन निगरानी समेत सभी विकल्पों पर काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *