UP NEWSAI चित्र

बदायूं। उत्तराखंड में उद्योगपति की कार से नकदी चोरी के मामले में देहरादून पुलिस ने बदायूं के बिल्सी क्षेत्र से आरोपी उमेश वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से करीब 1.10 करोड़ रुपये नकद और 150 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था और यहां आलीशान मकान बनवाकर रह रहा था।

गुलड़िया गांव निवासी उमेश अपने साले और भांजे के साथ पहले दिल्ली और बाद में देहरादून में नौकरी करता था। करीब छह महीने पहले वह नौकरी छोड़कर गांव लौट आया। इसके बाद गांव में उसने आलीशान मकान बनवाया। मामले में उसके साले और भांजे को भी पहले पकड़ा जा चुका है।

सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पूछताछ और सर्विलांस के आधार पर देहरादून पुलिस की टीम गुलड़िया गांव पहुंची और दबिश देकर उमेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 लाख रुपये नकद और 150 ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने शेष रकम के बारे में पूछताछ की। अगले दिन पुलिस टीम दोबारा गांव पहुंची। उस समय उमेश की पत्नी घर पर नहीं थी। पुलिस ने उमेश के मोबाइल से उसकी पत्नी को फोन कराया। इसके बाद बैग में रखे करीब एक करोड़ रुपये गांव के बाहर मंगवाए गए। रकम बरामद करने के बाद पुलिस आरोपी को अपने साथ देहरादून ले गई।

पत्नी ने पुलिस पर लगाया धमकी देने का आरोप

उमेश की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आठ लाख रुपये कम होने की बात कहते हुए उसके पति के एनकाउंटर की धमकी दी। हालांकि महिला के इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *