बरेली। भोजीपुरा इलाके में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एक युवक के पास से 100 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने दावा किया कि हाईवे पर मिले एक ट्रक चालक से अफीम खरीदने के बाद वह उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचकर मुनाफा कमाता था। वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को 315 बोर के तमंचे और कारतूस के साथ पकड़ा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तमंचे के साथ पकड़े गए युवक पर पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं।
शुक्रवार को भोजीपुरा पुलिस को सूचना मिली कि भूड़ा अंडरपास से बिलवा की ओर एक युवक अफीम लेकर पहुंचा है। पुलिस टीम ने अंडरपास से करीब 100 मीटर आगे घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के जैतापुर निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 100 ग्राम अफीम मिलने का दावा किया गया है।
हाईवे पर ट्रक ड्राइवर से खरीदी थी अफीम
पुलिस की पूछताछ में संजीव ने अफीम की खरीद को लेकर चौंकाने वाला दावा किया। उसने बताया कि हाईवे पर एक ट्रक चालक से अफीम खरीदी थी। हालांकि वह ट्रक चालक का नाम और पता नहीं बता सका। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अफीम वास्तव में कहां से आई और इसकी सप्लाई करने वाला कौन है। पुलिस के मुताबिक संजीव ने पूछताछ में बताया कि वह खरीदी गई अफीम को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में अलग कर देता था। इसके बाद आने-जाने वाले लोगों को ज्यादा कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। शुक्रवार को भी वह अफीम बेचने के इरादे से इलाके में पहुंचा था, लेकिन ग्राहक मिलने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तलाशी में निकला तमंचा, जेब में मिला कारतूस
इसी थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई गुरुवार रात हुई। पुलिस संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर टीम ग्राम हंसा की ओर देवरनियां नदी के पुल के पास पहुंची। गुरुवार रात करीब 11:05 बजे पुलिस ने सैदपुर चुन्नीलाल निवासी अजीम पुत्र यामीन उर्फ मोती को पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि अजीम की तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। पूछताछ में अजीम ने पुलिस को बताया कि वह तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखता था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहले भी जा चुका जेल, चार मुकदमे पहले से दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अजीम का पहले से आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ भोजीपुरा थाने में वर्ष 2022 से 2026 के बीच आर्म्स एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हथियार रखने के मामलों के अलावा गोवंश से संबंधित कानून और बीएनएस की धारा 109(1) से जुड़ा मुकदमा भी शामिल है। नया मुकदमा जोड़ने के बाद पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या पांच हो गई है। संजीव के खिलाफ भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया।