बरेली। रामपुर रोड पर बुधवार दोपहर हजारों लीटर पेट्रोल लेकर जा रहा टैंकर मथुरापुर में रेनॉल्ट कार कंपनी के सामने सड़क किनारे खाई में पलट गया। टैंकर पलटते ही पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल रामपुर रोड पर दोनों तरफ से यातायात रोक दिया। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
खाई में पलटते ही टैंकर से रिसने लगा पेट्रोल, बढ़ा खतरा
हादसा सीबीगंज थाना क्षेत्र में रामपुर रोड स्थित मथुरापुर के पास हुआ। पेट्रोल से भरा टैंकर सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका पहिया सड़क किनारे कच्चे हिस्से में उतर गया। भारी वजन के कारण टैंकर अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते खाई में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से पेट्रोल रिसता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
एक चिंगारी बन सकती थी मुसीबत, पुलिस ने दोनों तरफ से बंद कराई सड़क
पेट्रोल का रिसाव होने के कारण मौके पर आग लगने का खतरा बढ़ गया। सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास लोगों को जाने से रोक दिया। रामपुर रोड पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही भी बंद करा दी गई, ताकि किसी वाहन या अन्य वजह से निकली चिंगारी बड़ी दुर्घटना का कारण न बन सके।
फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, क्रेन बुलाकर शुरू कराया रेस्क्यू
पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मोर्चा संभाल लिया। वहीं, खाई में पलटे टैंकर को निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। पेट्रोल के रिसाव के कारण टैंकर को सीधा करने और बाहर निकालने का काम बेहद सावधानी से किया जा रहा है।
कच्चे में पहिया उतरते ही बिगड़ा संतुलन
सीबीगंज पुलिस के मुताबिक टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल भरा था। टैंकर का पहिया सड़क छोड़कर कच्चे हिस्से में उतरते ही भारी वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में पलट गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं। टैंकर को सुरक्षित निकालने और पेट्रोल रिसाव से पैदा खतरा खत्म होने के बाद ही मार्ग पर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की जाएगी।