Social Sharing icon

पटना। बिहार में बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4.0 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी पटना में नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद मामला और गर्मा गया। इस पूरे घटनाक्रम पर बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दुख जताया है।

पद संभालते ही सड़क पर उतरे अभ्यर्थी

मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जिस दिन उन्होंने शिक्षा विभाग का पदभार संभाला, उसी दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़क पर प्रदर्शन करते नजर आए। उन्होंने कहा कि यह दृश्य उन्हें अच्छा नहीं लगा। मंत्री ने कहा कि शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवा सड़क पर दौड़ते दिखें और पुलिस उनके पीछे दौड़े, यह बेहद दुखद है। उन्होंने अभ्यर्थियों से संयम बनाए रखने की अपील की।

जल्द जारी होगा TRE 4.0 का विज्ञापन

शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि बीपीएससी TRE 4.0 भर्ती प्रक्रिया को लेकर जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन और शेड्यूल जारी किया जाएगा। उन्होंने माना कि भर्ती प्रक्रिया में देरी हुई है, लेकिन सरकार इस दिशा में काम कर रही है। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अभ्यर्थी सरकार के अपने लोग हैं और उनकी बात सुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग का दरवाजा सभी अभ्यर्थियों के लिए खुला है।

अभ्यर्थियों में बढ़ता जा रहा गुस्सा

शुक्रवार को हजारों अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतर आए थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और बीपीएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक TRE 4.0 का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। इससे युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

46 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की उम्मीद

जानकारी के मुताबिक TRE 4.0 के तहत 46 हजार से अधिक पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। पहले दावा किया गया था कि अप्रैल में विज्ञापन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, लेकिन अब तक आधिकारिक अधिसूचना सामने नहीं आई है। इसी देरी को लेकर अभ्यर्थियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। अब सभी की नजर सरकार और बीपीएससी की अगली घोषणा पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *