मेरठ। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती का एक अनोखा मामला मेरठ के सरधना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। इंस्टाग्राम पर हुई बातचीत के बाद जयपुर की एक युवती अपने परिवार को बिना बताए मेरठ पहुंच गई। यहां वह सरधना निवासी अपनी महिला मित्र के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। मामला सामने आने के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार करीब छह महीने पहले दोनों युवतियों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। शुरुआत सामान्य बातचीत से हुई, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच करीबी बढ़ती चली गई। फोन कॉल, चैटिंग और लगातार बातचीत के बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने का फैसला कर लिया।
जयपुर से अकेले मेरठ पहुंची युवती
बताया गया है कि कुछ दिन पहले सरधना निवासी युवती ने अपनी दोस्त को मेरठ आने के लिए कहा था। इसके बाद जयपुर निवासी युवती रोडवेज बस से अकेले मेरठ पहुंच गई। भैंसाली बस अड्डे पर उतरने के बाद वह सरधना पहुंची और अपनी मित्र के घर चली गई। शुरुआत में परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में मामला खुलने पर घर में विवाद शुरू हो गया।
परिवार के विरोध के बाद पहुंचा मामला थाने
परिजनों ने जब दोनों से बातचीत की तो उन्होंने साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया और मामला बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर दोनों युवतियों को सरधना थाने लाया गया, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ की।
पुलिस ने कराई काउंसलिंग
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों युवतियां बालिग हैं। थाने में भी दोनों अपने फैसले पर कायम रहीं। मामले को संवेदनशील मानते हुए पुलिस ने दोनों और उनके परिवारों की काउंसलिंग कराई। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि फिलहाल दोनों युवतियों को परिवार की निगरानी में सौंप दिया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।