बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय परिसर में पड़े टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से दो सगे भाई करंट लगने से झुलस गए। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। दोनों बच्चों को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नेथुआ निवासी लियाकत के मुताबिक उनके बेटे असद और अहद शुक्रवार सुबह प्राथमिक विद्यालय पढ़ने गए थे। आरोप है कि विद्यालय परिसर में पिछले तीन दिन से बिजली का तार टूटा पड़ा था। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी दौरान दोनों बच्चे टूटे हुए तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से झुलस गए।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में बिजली व्यवस्था की अनदेखी को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते तार को ठीक करा दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता। बच्चों के पिता लियाकत का आरोप है कि जिस समय दोनों बच्चे करंट की चपेट में आए, उसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। उनका कहना है कि यदि बिजली सप्लाई जारी रहती तो दोनों बच्चों की जान भी जा सकती थी।
शिक्षक ने आरोपों को बताया निराधार
विद्यालय में तैनात शिक्षक शकूर अहमद ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि शुक्रवार सुबह बच्चों ने सूचना दी थी कि बंदरों ने बिजली का तार तोड़ दिया है। घटना के तुरंत बाद दोनों बच्चों को उपचार के लिए भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीण विद्यालय परिसर में बिजली व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।