bareillyथाने का निरीक्षण करते एसपी सिटी

बरेली। शहर की कानून-व्यवस्था और थानों की कार्यशैली को परखने के लिए एसपी सिटी मानुष पारीक ने गुरुवार देर रात सीबीगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। बिना सूचना पहुंचे एसपी सिटी ने सबसे पहले थाने में आने वाली जनसुनवाई की व्यवस्था देखी और फरियादियों से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद महिला अपराधों से संबंधित मुकदमों, लंबित विवेचनाओं और उनके निस्तारण की स्थिति को बारीकी से परखा। उन्होंने कहा संवेदनशील मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक ने थाने में संचालित विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों को एक-एक कर देखा। कई रिकॉर्ड की मौके पर जांच की और उनके रखरखाव की स्थिति पर सवाल-जवाब किए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख पूरी तरह अद्यतन रहें और किसी भी प्रविष्टि में लापरवाही या देरी नहीं दिखनी चाहिए। थाने की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

हवालात, कंप्यूटर कक्ष और महिला हेल्प डेस्क भी देखी

एसपी सिटी ने हवालात का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद कंप्यूटर कक्ष पहुंचकर ऑनलाइन रिकॉर्ड और तकनीकी कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर वहां आने वाली शिकायतों के निस्तारण और महिलाओं के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर भी जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील रवैया पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इंस्पेक्टर समेत पूरे स्टाफ को दिए स्पष्ट निर्देश

निरीक्षण के दौरान सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीम कुमार चतुर्वेदी और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ एसपी सिटी ने कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, जनसुनवाई को गंभीरता से लिया जाए और रिकॉर्ड हमेशा अपडेट रखा जाए। थाना स्तर पर जवाबदेही तय करने और नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया।

पुलिसकर्मियों की उपस्थिति भी जांची

एसपी सिटी ने थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति भी मौके पर जांची। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि फरियादी को समय पर सुनवाई मिले और हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *