बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद से परेशान एक सेल्स मैनेजर ने सल्फास पाउडर खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने गांव के पूर्व प्रधान और अपने छोटे भाई की पत्नी पर जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
शास्त्री नगर निवासी संजीव शंखधार पुत्र स्व. राममूर्ति लाल शर्मा एक चाय पत्ती कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। उनका आरोप है कि फरीदपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के पूर्व प्रधान ने उनके छोटे भाई की पत्नी के साथ मिलकर गांव स्थित उनकी बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि पूर्व प्रधान दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके डर से गांव का कोई भी व्यक्ति उसके खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं करता।
मकान पर भी कब्जे की कोशिश का दावा
संजीव शंखधार का आरोप है कि पूर्व प्रधान और उसके भाई की पत्नी ने शास्त्री नगर स्थित उनके मकान पर भी कब्जा करने की नीयत से दीवार खड़ी कर दी है। लगातार हो रहे विवाद और मानसिक तनाव के कारण वह पूरी तरह टूट गए और उन्हें कोई रास्ता नहीं सूझा।
सल्फास खाकर किया आत्महत्या का प्रयास
पीड़ित ने सोमवार सुबह अपने घर पर सल्फास पाउडर खा लिया। जहर खाने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल देव प्राइमस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
तहरीर मिलने पर होगी जांच : पुलिस
प्रेमनगर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र ने बताया कि यदि पीड़ित या उसके परिजन तहरीर देते हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।