बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कादरचौक में युवक हरिओम की हत्या के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, नाधा पुलिस चौकी पर हुए बवाल, पथराव और आगजनी के मामले में पांच नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद हरिओम का शव लेकर परिजन नाधा पुलिस चौकी पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ। प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया। इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ना शुरू कर दिया।
पथराव और आगजनी से बिगड़े हालात
अराजक तत्वों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया और चौकी के सामने आग लगा दी। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ दिया। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने आग पर भी समय रहते काबू पा लिया। बवाल के बाद पुलिस ने रात में ही तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बुधवार तड़के करीब चार बजे पुलिस की मौजूदगी में हरिओम का अंतिम संस्कार कराया गया। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
छह आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
हरिओम हत्याकांड में दर्ज 12 नामजद आरोपियों में से पुलिस ने चंद्रकेश, प्रेम सिंह, चंद्रवीर, पप्पू, सुरेश चंद्र और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से कुल्हाड़ी, भाला, लोहे की रॉड और लाठियां बरामद हुई हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, चौकी पर पथराव और आगजनी करने वाले अन्य उपद्रवियों की पहचान वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस का दावा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।