bareillyबैठक में मौजूद डीएम व अन्य अधिकारी

बरेली। जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी रफ्तार पर डीएम अविनाश सिंह ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड लंबित हैं, वहां चौपाल लगाकर लोगों के कार्ड बनवाए जाएं। साथ ही, कार्ड बनने के बाद उनकी जानकारी पोर्टल पर तुरंत अपलोड करने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयुष्मान कार्ड और विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि हर सीएचसी और पीएचसी को लक्ष्य देकर अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से ब्लॉक स्तर पर हर सप्ताह प्रगति की समीक्षा कराने को भी कहा। डीएम ने कहा कि सभी डॉक्टर पहले तय समय पर अपने अस्पतालों में मरीज देखें। इसके बाद ही निरीक्षण या दूसरे कामों के लिए निकलें। उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने के बाद उसकी ऑनलाइन फीडिंग हर हाल में होनी चाहिए।

जहां ज्यादा मरीज, वहां पहले होगी कार्रवाई

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि जिन गांवों में इन बीमारियों के ज्यादा मरीज मिल रहे हैं, वहां फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे में कोई ढिलाई न बरती जाए। दस्तक अभियान के जरिए लोगों को जागरूक करने और अभियान के तहत निकाली जाने वाली रैलियों की जानकारी समय पर देने को भी कहा गया।

जन आरोग्य मेलों पर रहेगी नजर

बैठक में जन आरोग्य मेलों की व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। डीएम ने कहा कि जहां मेले लगाए जाएं, वहां संबंधित डॉक्टर मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखें और नियमित निगरानी करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह समेत सभी सीएचसी और पीएचसी के चिकित्सक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *