बरेली। मीरगंज क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन कराने और गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस ने दूसरे समुदाय के युवक और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
लखनऊ निवासी युवती ने अपनी तहरीर में बताया कि वह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। वहीं उसकी पहचान दुनका निवासी जीशान से हुई, जो उसी कंपनी में कार्यरत था। सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का यह भी आरोप है कि इस दौरान उसका धर्म परिवर्तन भी कराया गया। पीड़िता का कहना है कि कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक ने उसे धोखे से दवा खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में नोएडा छोड़कर अपने घर आ गया।
शिकायत पर मिली जान से मारने की धमकी
युवती का आरोप है कि जब वह आरोपी के परिजनों से शिकायत करने पहुंची तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। दो दिन पहले जब वह दुनका पहुंची तो आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने फिर धमकाया। पीड़िता का कहना है कि पहले स्थानीय थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया।
परिवार ने भी तोड़ लिया साथ
रिपोर्ट में युवती ने यह भी बताया कि दूसरे समुदाय के युवक से संबंधों की जानकारी मिलने पर उसके परिवार ने उससे रिश्ता तोड़ लिया और घर से निकाल दिया। अब आरोपी भी शादी से इनकार कर रहा है, जिससे वह पूरी तरह असहाय हो गई है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।