नवादा, संवाददाता। बिहार के नवादा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खुलेआम रंगदारी के लिए कारोबारियों का अपहरण करने लगे हैं। मंगलवार रात शहर के बीचोंबीच कोर्ट के पास स्थित एक होटल में घुसकर 63 वर्षीय होटल संचालक अखिलेश कुमार को बदमाशों ने अगवा कर लिया। स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने पहले होटल में तोड़फोड़ की, फिर मारपीट करते हुए कारोबारी को जबरन उठा ले गए। हालांकि पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर पीड़ित को बरामद कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन बाकी बदमाश अब भी फरार हैं।
होटल में घुसकर मचाया तांडव, रंगदारी नहीं देने पर किया किडनैप
घटना मंगलवार रात करीब 10:40 बजे की है, जब कोर्ट के समीप स्थित टाउन ढाबा रेस्टोरेंट में अखिलेश कुमार मौजूद थे। तभी स्कॉर्पियो पर सवार आधा दर्जन युवक होटल में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने आते ही गाली-गलौच शुरू कर दी और 80 हजार रुपये रंगदारी या गाड़ी देने की मांग रखी। विरोध करने पर बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट की और जबरन उठाकर स्कॉर्पियो में डालकर फरार हो गए।
बस स्टैंड में ले जाकर दी खौफनाक यातना, नाखून तक उखाड़े
अपहरण के बाद अपराधियों ने पीड़ित को तीन नंबर बस स्टैंड क्षेत्र में ले जाकर अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया। परिजनों के मुताबिक बदमाशों ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा बल्कि उनके नाखून तक उखाड़ दिए। इस क्रूरता ने इलाके में सनसनी फैला दी। स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बेटे की सूचना पर हरकत में आई पुलिस, 12 घंटे में किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के बेटे अमित कुमार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में एसआई राम इकबाल और टीम ने लगातार छापेमारी की। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर राजेंद्र नगर इलाके से अखिलेश कुमार को घायल अवस्था में बरामद कर लिया। इस दौरान एक आरोपी कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई।
रोड रेज से शुरू हुआ विवाद, रंगदारी तक पहुंचा मामला
डीएसपी उल्लास कुमार के अनुसार, घटना की जड़ में रोड रेज का मामला सामने आया है। छाया रोड और अस्पताल रोड पर दो स्कॉर्पियो सवारों के बीच पहले विवाद हुआ था। एक वाहन का शीशा टूट गया था। इसी बात को लेकर अपराधियों ने होटल संचालक पर आरोप लगाया और फिर रंगदारी की मांग करते हुए अपहरण कर लिया। पुलिस ने एफआईआर में राहुल कुमार, पकड़ू समेत कई नामजद और अज्ञात आरोपियों को शामिल किया है।
गैंग के बाकी सदस्य फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस के अनुसार इस वारदात में पांच से अधिक अपराधी शामिल थे, जिनमें से अधिकांश अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। वहीं पीड़ित परिवार न्याय की आस में बैठा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।