बरेली। अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बरेली रेंज के डीआईजी मुनिराज जी ने गुरुवार को चारों जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ समीक्षा बैठक की। नशा तस्करी, गोकशी, साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न से लेकर थानों में लंबित मामलों तक की समीक्षा की गई। डीआईजी ने साफ निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और लंबित मामलों को समय से निपटाया जाए। बैठक में बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य समेत बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के पुलिस कप्तान मौजूद रहे।
थानों में महीनों से लंबित मुकदमों की जांच को लेकर डीआईजी ने सख्त रुख दिखाया। उन्होंने 60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का महज कागजों पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर दिया। साथ ही ई-साक्ष्य एप के जरिए फोटो, वीडियो, बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बनाने को कहा।
नशा तस्करों की कमर तोड़ने की तैयारी
बरेली रेंज में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कार्रवाई तेज करेगी। डीआईजी ने एनडीपीएस एक्ट, पीआईटी एनडीपीएस और ऑपरेशन दहन के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की संपत्तियों को जब्त करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा गोकशी और साइबर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा गया। महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर भी डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को गंभीरता दिखाने के निर्देश दिए। महिला उत्पीड़न के मामलों की जांच समय से पूरी करने और दहेज उत्पीड़न के मामलों की विवेचना महिला थानों से कराने को कहा। मिशन शक्ति अभियान और महिला बीट प्रणाली की भी समीक्षा की गई।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। डीआईजी ने सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली भी परखी गई। अपराध नियंत्रण के साथ बढ़ते सड़क हादसों की रोकथाम पर भी बैठक में चर्चा हुई। जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने चारों जिलों में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।