बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। प्रेमिका को मोबाइल फोन दिलाने के बाद उसके परिजनों द्वारा घर में घुसकर की गई मारपीट से आहत 21 वर्षीय युवक ने सल्फास खाकर जान दे दी। मरने से पहले युवक ने अपने माता-पिता को फोन कर कहा, “मैंने सल्फास खा ली है… आखिरी बार मेरा चेहरा देख लो।” घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बचपन की दोस्ती, मोबाइल खरीदने साथ गए थे दोनों
मोहनपुर रामनगर निवासी गंगादेव शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से कारपेंटर हैं और उनका बेटा आदित्य शर्मा भी उनके साथ यही काम करता था। पहले उनका परिवार जगतपुर में किराये पर रहता था, जहां पड़ोस में रहने वाली एक युवती से आदित्य की बचपन से दोस्ती थी। 23 जून को आदित्य उसी युवती के साथ बटलर प्लाजा मार्केट से नया मोबाइल फोन खरीदने गया था। इसके बाद दोनों आदित्य की नानी के घर चले गए, जिससे घर लौटने में देर हो गई।
युवती की तलाश में घर पहुंचे परिजन, जमकर किया हंगामा
घर देर से पहुंचने पर युवती के पिता प्रमोद भारद्वाज, भाई अंकुर भारद्वाज, चचेरा भाई आदित्य भारद्वाज और मां बीना भारद्वाज आदित्य के घर पहुंच गए। उन्होंने युवती के बारे में पूछताछ की। इस पर आदित्य को फोन कर तुरंत घर बुलाया गया। कुछ देर बाद वह युवती के साथ घर पहुंचा और परिजनों ने युवती को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
घर में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई
आरोप है कि युवती के घरवालों का गुस्सा यहीं नहीं थमा। उन्होंने आदित्य के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पिता गंगादेव शर्मा ने बेटे को बचाने की कोशिश की और समझाया कि इससे पहले भी आदित्य युवती के साथ मोबाइल खरीदने गया था, तब उसकी मां भी साथ थीं। इसके बावजूद आरोपियों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
‘मम्मी-पापा… मैंने सल्फास खा ली है’
पिता का कहना है कि मारपीट की घटना से आदित्य बेहद तनाव में था। 24 जून को वह घर से निकल गया। परिवार उसकी तलाश करता रहा। शाम को आदित्य ने फोन कर कहा, “मम्मी-पापा, मैंने सल्फास खा ली है। मैं घर आ गया हूं, आखिरी बार मेरा चेहरा देख लो।” यह सुनते ही परिजन दौड़कर घर पहुंचे, जहां आदित्य की हालत बिगड़ी हुई थी और उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलने पर बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर प्रमोद भारद्वाज, अंकुर भारद्वाज, आदित्य भारद्वाज, बीना भारद्वाज समेत अन्य के खिलाफ मारपीट और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसपी उत्तरी मकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।