बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एक छोटा स्पोर्ट्स एयरक्राफ्ट शहर की सबसे ऊंची इमारत CITIC टावर (चाइना जुन) से टकरा गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव के लिए फायर ब्रिगेड, पुलिस तथा एम्बुलेंस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल हताहतों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान के टकराते ही इमारत की कई खिड़कियां टूट गईं और मलबा नीचे गिरने लगा। एहतियात के तौर पर इमारत में मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। आशंका जताई जा रही है कि ऊपरी मंजिलों पर कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।
109 मंजिला इमारत से टकराया विमान
जिस इमारत से विमान टकराया वह CITIC टावर है, जिसे चाइना जुन के नाम से भी जाना जाता है। यह 109 मंजिला इमारत बीजिंग की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल है। हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें इमारत से मलबा गिरता और विमान का पिछला हिस्सा दिखाई दे रहा है।
फ्लाइट पाथ से भटक गया था एयरक्राफ्ट
रिपोर्टों के अनुसार हादसे का शिकार विमान Sunward SA60L Aurora नाम का एक स्वदेशी हल्का स्पोर्ट्स एयरक्राफ्ट था। विमान के टेल नंबर और फ्लाइट डेटा से संकेत मिले हैं कि दुर्घटना के समय यह अपने निर्धारित फ्लाइट पाथ से काफी दूर चला गया था। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान जारी
हादसे के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों ने पूरे इलाके को घेर लिया। इमारत को खाली कराया गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
ड्रोन मुक्त शहर है बीजिंग
बीजिंग को दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में गिना जाता है। चीन सरकार ने 1 मई से राजधानी के बड़े हिस्से को ड्रोन मुक्त क्षेत्र घोषित कर रखा है। यहां बिना सरकारी अनुमति ड्रोन खरीदने, किराए पर लेने या उड़ाने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद हुए इस विमान हादसे ने राजधानी की हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
9/11 हमले की याद हुई ताजा
ऊंची इमारत से विमान टकराने की इस घटना ने कई लोगों को अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों की याद दिला दी। हालांकि फिलहाल इस हादसे को दुर्घटना माना जा रहा है और किसी आतंकी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां विमान के मार्ग, तकनीकी स्थिति और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही हैं।