गोंडा। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में गोंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे केवल व्यक्तिगत मंशा थी या किसी संगठित साजिश के तहत यह पोस्ट की गई थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान पंडित शंकर दत्त शुक्ला के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने फेसबुक पर एक आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “खुल्लम-खुल्ला दागेंगे, पूरे सिस्टम को आग लगा देंगे।” इसी पोस्ट में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पोस्ट का स्क्रीनशॉट और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
सोशल मीडिया सेल और सर्विलांस टीम ने दबोचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंडा पुलिस की सोशल मीडिया सेल और सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
धमकी के पीछे की साजिश की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसने यह पोस्ट खुद की थी या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति अथवा संगठित समूह की भूमिका भी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली धमकी के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक सुरक्षा उपाय भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
भड़काऊ पोस्ट करने वालों को पुलिस की चेतावनी
गोंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या सार्वजनिक व्यवस्था के खिलाफ धमकी भरे अथवा भड़काऊ संदेश पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।