बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र स्थित कुणाल प्लाईवुड फैक्ट्री में शुक्रवार को मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री परिसर में करीब 40 फीट गहरे गड्ढे की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी की ढांग भरभराकर गिर गई, जिसमें दबकर एक 25 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई।
मिट्टी धंसने से हुए हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन पर मजदूरों को बेसहारा छोड़कर भागने का आरोप लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने फैक्ट्री का मुख्य गेट तोड़ दिया और शव को गेट पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
भरभराकर मिट्टी धंसने से बचकर निकल नहीं पाया सुरजीत
पुलिस के अनुसार, फरीदपुर के पचौमी गांव के पास स्थित कुणाल प्लाईवुड फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीनों के बीच करीब 40 फीट गहरे गड्ढे की खुदाई कराई जा रही थी। भोजपुर ओषढ़ गांव निवासी 25 वर्षीय सुरजीत अन्य मजदूरों के साथ गड्ढे में काम कर रहे थे। तभी अचानक मिट्टी धंसने से मिट्टी की ढांग भरभराकर गिर पड़ी। बाकी मजदूर किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन सुरजीत मिट्टी के नीचे दब गए।
यह भी जानें
प्रबंधन पर भागने का आरोप, ग्रामीणों ने तोड़ा फैक्ट्री का गेट
मिट्टी धंसने के हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक और कई कर्मचारी मौके से भाग निकले। साथी मजदूरों ने अपने स्तर पर मिट्टी हटाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सूचना मिलते ही सुरजीत के परिजन और भोजपुर ओषढ़ गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मुख्य गेट नहीं खोला तो तोड़ दिया ताला
ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री का मुख्य गेट नहीं खोला गया, जिसके चलते उन्होंने गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काफी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर सुरजीत को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें : बरेली में ‘बंदरराज’: जान बचाने को भागा युवक पहली मंजिल से गिरा
शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
मजदूर की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण शव को दोबारा फैक्ट्री गेट पर लेकर पहुंचे। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने फैक्ट्री मालिक और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को रोकने के प्रयास में पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।
ये भी पढ़ें : उर्स-ए-रजवी से पहले प्रशासन अलर्ट
पुलिस बोली- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया जो भी लापरवाही सामने आएगी, उसके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मजदूर की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

