कांवड़ियोंबीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे व एआई से बनाया गया फोटो।

बरेलीश्रावण मास और कांवड़ यात्रा में पहली बार कांवड़ियों के लिए बीडीए भंडारा कराने जा रहा है। इसके साथ ही कछला, हरिद्वार या अन्य जगहों से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों का स्वागत पुष्पवर्षा से किया जाएगा। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने शुक्रवार को प्रेसवर्ता कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों का खाका पेश किया।

इस बार बरेली को पूरी तरह शिवमय बनाने की तैयारी है। बीडीए पहली बार कांवड़ियों के स्वागत और सुविधाओं के लिए बड़े स्तर पर व्यवस्थाएं करने जा रहा है। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने बताया शहर के प्रवेश द्वारों से लेकर कांवड़ मार्गों तक श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।

कांवड़ियों के लिए पूरे मार्ग पर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन का लक्ष्य

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने बताया कि लाखों कांवड़ियों को पूरे मार्ग पर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना ही लक्ष्य तय किया गया है। बीडीए कांवड़ मार्गों के चौड़ीकरण, समतलीकरण और मरम्मत का काम प्राथमिकता से करा रहा है। इसके साथ ही मार्गों पर बेहतर स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, साफ-सफाई और यातायात में बाधा बनने वाले अवरोधों को हटाया जा रहा है।

कांवड़ियों के लिए बरेली में होगा कुछ खास
कांवड़ियों की सुविधायों और सुरक्षा को लेकर जानकारी देतीं बीडीए उपाध्यक्ष।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने बताया कि शहर के 4 प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक पुष्प सज्जा, रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और विशेष सौंदर्यीकरण से सजाया जाएगा। पहली बार यहां आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु धार्मिक यात्रा की यादों को कैमरे में कैद कर सकें।

शिवमय वातावरण के लिए कांवड़ मार्ग पर गूंजेंगे भजन

प्रेसवार्ता में सौम्या पांडे ने कहा कि इस बार पूरे कांवड़ मार्ग को शिवमय वातावरण देने की तैयारी की गई है। विभिन्न स्थानों पर भगवान शिव के भजनों का प्रसारण होगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक माहौल का अनुभव हो सके। उन्होंने बताया कि कछला की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत तपेश्वरनाथ (मढ़ीनाथ) द्वार पर किया जाएगा, जबकि हरिद्वार की ओर से आने वाले कांवड़ियों का स्वागत अवैद्यनाथ द्वार (रामपुर रोड) पर होगा। यह विशेष आयोजन 16 और 17 अगस्त को किया जाएगा।

चार्जिंग हब से लेकर मेडिकल कैंप तक मिलेंगी सुविधाएं

सौम्या पांडे ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारा स्टॉल, विश्राम स्थल, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस सेवा, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग हब, शुद्ध पेयजल और अंगवस्त्र वितरण जैसी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। उनका कहना था कि कोशिश है कि बरेली आने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री को बेहतर सुविधाओं का अनुभव मिले।

शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी

प्रेसवार्ता में बीडीए उपाध्यक्ष ने शहर में चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीडीए सड़क विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहर के सुनियोजित विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सभी योजनाओं को पूरा करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

कांवड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों के लिए किए गए सुविधा इंताजमों की जानकारी देतीं बीडीए उपाध्यक्ष।

पत्रकारों के सुझावों को योजनाओं में मिलेगा स्थान

प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने कांवड़ यात्रा, ट्रैफिक व्यवस्था, शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई सुझाव दिए। इस पर सौम्या पांडे ने कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच मजबूत कड़ी है। पत्रकारों के रचनात्मक सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरत के मुताबिक उन्हें योजनाओं में शामिल किया जाएगा।

बीडीए उपाध्य बोलीं- जनहित को प्राथमिकता देने के लिए शहर को बना रहे सुविधाजनक

सौम्या पांडे ने कहा कि बीडीए का लक्ष्य सिर्फ निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि शहर को बेहतर और व्यवस्थित बनाना है। भविष्य में भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी, ताकि बरेली को आधुनिक और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *