बरेली। बरेली में ‘बंदरराज’ अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। सीबीगंज थाना क्षेत्र में बंदरों के झुंड ने एक युवक पर हमला बोल दिया। जान बचाने के प्रयास में युवक पहली मंजिल की छत से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
थाना क्षेत्र के बंडिया गांव निवासी जिशान गुरुवार सुबह अपने घर की पहली मंजिल की छत पर किसी काम से गए थे। इसी दौरान बंदरों का बड़ा झुंड वहां पहुंच गया। देखते ही देखते बंदरों ने उन्हें घेर लिया और उनकी ओर झपटने लगे। अचानक हुए हमले से घबराकर जिशान ने बचने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया।

पहली मंजिल से नीचे गिरते ही मचा हड़कंप
संतुलन बिगड़ने के कारण जिशान पहली मंजिल की छत से सीधे नीचे जमीन पर जा गिरे। तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल जिशान को तत्काल शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
एक के बाद एक हमलों से सहमे लोग
बरेली में ‘बंदरराज’ लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में चलती बाइक पर बरेली में ‘बंदरराज’ के हमले में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए थे। इससे पहले आशुतोष सिटी में एक बुजुर्ग बंदरों से बचने के दौरान गिरकर जान गंवा चुके हैं। वहीं आंवला में भी एक महिला बंदरों के हमले से छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीण बोले—अब नहीं चेता प्रशासन तो होगा आंदोलन
ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के आतंक की शिकायत कई बार वन विभाग और नगर निगम से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान नहीं चलाया गया तो कलेक्ट्रेट का घेराव कर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

