संविदा विद्युत कर्मी पंकजमृतक पंकज का फाइल फोटो।

बरेलीफतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एक संविदा विद्युत कर्मी पंकज की शुक्रवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। संविदा विद्युत कर्मी पंकज मोबाइल टावर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे, तभी अचानक हाईटेंशन लाइन में करंट दौड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गांव निवड़िया निवासी 40 वर्षीय पंकज मिश्रा फतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर संविदा विद्युत कर्मी के रूप में तैनात थे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह गांव में स्थित मोबाइल टावर के पास लगे ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया और संविदा विद्युत कर्मी पंकज उसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में बाहर निकाला। परिजन आनन-फानन में उन्हें फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

करंट कैसे आया, बना बड़ा सवाल

हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस लाइन पर कार्य चल रहा था, उसमें अचानक करंट कैसे पहुंच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वंडिया फीडर से जुड़े एक ट्रॉली नलकूप की लाइन कई महीनों से खराब है। इसी वजह से रात में ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। शुक्रवार सुबह ग्रामीण आपूर्ति बंद होने के बाद लाइन पर कार्य शुरू किया गया था, लेकिन इसके बावजूद करंट आने से हादसा हो गया।

अवैध रूप से कटिया डालकर जोड़ दी थी नलकूप लाइन

संविदा विद्युत कर्मी पंकज के परिजनों का आरोप है कि आगे किसी स्थान पर नलकूप लाइन को अवैध रूप से कटिया डालकर जोड़ दिया गया था। इसी वजह से लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और पंकज उसकी चपेट में आ गए। उनका कहना है कि यदि लाइन पूरी तरह बंद होती तो यह हादसा नहीं होता।

पहले भी झेल चुके थे करंट का झटका

परिजनों ने बताया कि संविदा विद्युत कर्मी पंकज को पहले भी ड्यूटी के दौरान करंट लग चुका था। उस हादसे के बाद उनकी शारीरिक स्थिति कमजोर हो गई थी। इसी कारण विभाग ने उनकी ड्यूटी फील्ड के बजाय उपकेंद्र में लगा दी थी। पंकज अपने पीछे पत्नी सीमा, दो बेटों और पूरे परिवार को छोड़ गए हैं।

हादसे के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की परिस्थितियों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

एक्सईएन बोले- शटडाउन नहीं लिया था

विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता पवन वर्मा ने बताया कि पंकज ग्रामीण फीडर की लाइन खोलकर गए थे, लेकिन उसमें एक फेस में सप्लाई बनी रहती है। संभव है कि उन्हें इसका ध्यान नहीं रहा हो और इसी वजह से संविदा विद्युत कर्मी पंकज करंट की चपेट में आ गए। उन्होंने यह भी कहा कि पंकज ने कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन नहीं लिया था। विभाग की ओर से नियमानुसार परिवार को मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह भी पढ़ें : 15 लाख में ‘सेटिंग’, इनामी हत्यारोपी को बचाने के लिए जुट गई 5 थानों की पुलिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *