गोरखपुर। ऑपरेशन थिएटर में कराहते मरीजों को नई जिंदगी देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले और मंच पर रंगकर्म को नई पहचान दिलाने वाले बरेली के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रजेश्वर सिंह को इस वर्ष “नेशनल थिएटर अचीवर अवार्ड-2026” से सम्मानित किया जाएगा।
चिकित्सा और रंगमंच, दोनों क्षेत्रों में उनकी उल्लेखनीय पहचान ने बरेली का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान अभियान थिएटर ग्रुप, गोरखपुर की ओर से आयोजित चतुर्थ गोरखपुर रंग महोत्सव (गोरंगम-2026) में प्रदान किया जाएगा। सम्मान स्वरूप उन्हें 11 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट किया जाएगा।
रंग विनायक मंडल की स्थापना कर बरेली के रंगमंच को दी अलग पहचान
डॉ. ब्रजेश्वर सिंह शहर के जाने-माने हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के साथ-साथ रंगमंच के प्रति अपने समर्पण के लिए भी विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने रंग विनायक रंगमंडल की स्थापना कर बरेली में रंगमंच को नई ऊर्जा दी। उनके प्रयासों से स्थापित विंडरमेयर थिएटर देश के चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय स्तर के ब्लैक बॉक्स थिएटर में शामिल है, जिसने बरेली को राष्ट्रीय रंगमंच के मानचित्र पर अलग पहचान दिलाई।
चर्चित नाटकों का किया लेखन और मंचन
डॉ. सिंह के निर्देशन में अनेक राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव आयोजित हुए और कई चर्चित नाटकों का लेखन व मंचन हुआ। विंडरमेयर थिएटर फेस्टिवल के माध्यम से उन्होंने देशभर के रंगकर्मियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया। लेखक, नाटककार, निर्देशक और रंग-प्रेरक के रूप में उनका योगदान लगातार नई पीढ़ी को प्रेरित कर रहा है।
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी से हो चुके सम्मानित
रंगमंच के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें पहले भी उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी सम्मानित कर चुकी है। अब राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाला नेशनल थिएटर अचीवर अवार्ड-2026 उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रहा है।
नई पीढ़ी के रंगकर्मियों के मार्गदर्शन में असाधारण योगदान पर मिलता है अवॉर्ड
अभियान थिएटर ग्रुप, गोरखपुर के अध्यक्ष श्रीनारायण पाण्डेय ने बताया कि यह सम्मान उन रंग विभूतियों को दिया जाता है जिन्होंने भारतीय रंगमंच के विकास, संरक्षण और नई पीढ़ी के रंगकर्मियों के मार्गदर्शन में असाधारण योगदान दिया हो। इस वर्ष जबलपुर के विवेचना रंगमंडल को भी सम्मानित किया जाएगा। पिछले वर्ष यह सम्मान मुंबई के ड्रामा टॉकीज से जुड़े राजीव मिश्र को प्रदान किया गया था।