बरेली। शहर के एलए सिटी सेंटर मॉल में बिक्री के लिए रखे गए फुटबॉल पर इस्लामी आस्था से जुड़े ‘कलमा‘ के मुद्रित होने का मामला सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया। ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी (आरएसी) ने इसे धार्मिक भावनाओं का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन के प्रतिनिधिमंडल के मॉल पहुंचते ही प्रबंधन हरकत में आया और विवादित फुटबॉल का पूरा स्टॉक तत्काल बिक्री से हटा लिया।
शिकायत मिलते ही मॉल प्रबंधन ने लिया बड़ा फैसला
आरएसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी ने बताया कि जैसे ही संगठन को मामले की जानकारी मिली, प्रतिनिधिमंडल एलए सिटी सेंटर मॉल पहुंचा और प्रबंधन से आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद मॉल प्रशासन ने विवादित फुटबॉल को शेल्फ से हटाते हुए निर्माता और वितरक कंपनी को ईमेल भेजकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
निर्माता और वितरक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर आरएसी ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर फुटबॉल के निर्माता, वितरक और अन्य जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े शब्दों का खेल सामग्री पर इस तरह इस्तेमाल किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
खरीद चुके लोग न खेलें, वापस करने की अपील
आरएसी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने अनजाने में ऐसा फुटबॉल खरीद लिया है तो उसका इस्तेमाल खेलने में न करें। संगठन ने ऐसे फुटबॉल वापस लेने की भी पेशकश की है, ताकि उनका सम्मानजनक तरीके से निस्तारण कराया जा सके।
पुलिस करेगी जांच, शिकायत पर आगे बढ़ेगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद धार्मिक प्रतीकों और आस्था से जुड़े शब्दों के व्यावसायिक उत्पादों पर इस्तेमाल को लेकर बहस तेज हो गई है।