bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बरेली। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान दूसरी पाली में फर्जी पहचान के सहारे परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी का भंडाफोड़ हो गया। कोतवाली क्षेत्र स्थित साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज में बॉयोमीट्रिक सत्यापन के दौरान उसकी असली पहचान सामने आ गई। जांच में पता चला कि उसने अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से दो आधार कार्ड बनवा रखे थे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के दाऊदपुर निवासी मनोज कुमार शुक्रवार को दूसरी पाली में टीईटी परीक्षा देने साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज पहुंचा था। बॉयोमीट्रिक सत्यापन के दौरान मशीन पर उसका आधार कार्ड आदेश कुमार के नाम से प्रदर्शित हुआ, जबकि प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों में वह मनोज कुमार के नाम से परीक्षा दे रहा था। गड़बड़ी सामने आते ही कक्ष निरीक्षक ने नोडल अधिकारी एवं एसडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी को मौके पर बुलाया।

पूछताछ में खुला फर्जीवाड़े का पूरा खेल

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि अधिक उम्र होने के कारण वह पुलिस और सेना जैसी भर्तियों में शामिल नहीं हो पा रहा था। इसलिए उसने पहले आदेश कुमार के नाम से हाईस्कूल परीक्षा पास कर वर्ष 2018 में 1996 जन्मतिथि वाला नया आधार कार्ड बनवा लिया। इससे पहले उसके पास मनोज कुमार नाम से 1988 जन्मतिथि वाला आधार कार्ड था और उसने इसी नाम से इंटरमीडिएट की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। इसके बाद वह बदली हुई पहचान के आधार पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होता रहा।

कॉपी पर रिपोर्ट लगाकर रोकी गई परीक्षा प्रक्रिया

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पूछताछ के बाद उसकी उत्तर पुस्तिका पर आवश्यक रिपोर्ट दर्ज कर दी, जिससे उसकी कॉपी का मूल्यांकन न हो सके। इसके बाद पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दी गई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *