बरेली। कैंट थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। जैसे ही सूचना मिली, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
सोमवार देर रात कैंट थाना पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि ठिरिया निजावत खां से कठपुला पुल जाने वाले रास्ते पर एक युवक अफीम बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर प्रियांशु पाल निवासी मठलक्ष्मीपुर, थाना इज्जतनगर को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 92 ग्राम अफीम बरामद हुई।
कम दाम में खरीदी, ज्यादा दाम में बेचता था
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले एक अज्ञात कैंटर चालक से अफीम खरीदी थी। वह इसे कम कीमत में खरीदकर ज्यादा कीमत पर बेचता था। वारदात के समय भी वह ग्राहक का इंतजार कर रहा था। आरोपी ने यह भी बताया कि इसी धंधे से मिलने वाले पैसों से वह अपने परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रियांशु पाल पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ बारादरी, इज्जतनगर और प्रेमनगर थानों में चोरी और अवैध हथियार रखने समेत छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अब पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसे अफीम कौन सप्लाई करता था और वह इसे किन लोगों तक पहुंचाता था।
जेल भेजा गया आरोपी
बरामद अफीम के आधार पर कैंट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में कैंट प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, उपनिरीक्षक रोहित तोमर, कांस्टेबल रियाज अली, आयुष भारद्वाज और शोएब की टीम शामिल रही।