बरेली। जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला अस्पताल के महिला वार्ड के ठीक सामने सीवर लाइन चोक होने से गंदगी का अंबार लग गया है। कई दिनों से सीवर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैली हुई है। हालात ऐसे हैं कि मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल आने वाले लोगों का वहां से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों का कहना है कि महिला वार्ड के सामने फैली गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। बदबू और जलभराव के बीच मरीजों और उनके परिजनों को मजबूरी में आवाजाही करनी पड़ रही है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीवर के गंदे पानी और फिसलन की वजह से एक महिला गिरते-गिरते बच गई। यदि समय रहते सीवर की सफाई नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। अस्पताल परिसर में इस तरह की बदहाल व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों और तीमारदारों का आरोप है कि कई दिनों से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
इस संबंध में जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान पर विचार किया जा रहा है और जल्द ही नगर निगम को पत्र भेजकर सीवर लाइन की सफाई कराने तथा स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर निगम और अस्पताल प्रशासन इस गंभीर समस्या का समाधान कितनी जल्दी कर पाते हैं। फिलहाल महिला वार्ड के सामने फैली गंदगी मरीजों और तीमारदारों के लिए परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना और संक्रमण का खतरा भी बनी हुई है।