बरेली। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बरेली दौरे के बीच बुधवार को शहर की सियासत गरमा गई। एक ओर डिप्टी सीएम विकास योजनाओं की समीक्षा में जुटे थे, तो दूसरी ओर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। किसानों को खाद नहीं मिलने और स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों को मुद्दा बनाकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों और आम लोगों को राहत देने की मांग उठाई।
खाद के लिए लाइन में किसान, कांग्रेस बोली- खेत सूख रहे, सरकार सो रही
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दादा और प्रदेश प्रवक्ता राज शर्मा की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खरीफ सीजन के सबसे अहम समय में किसान यूरिया और डीएपी खाद के लिए घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं। कई जगह किसानों को पर्याप्त खाद तक नहीं मिल रही, जिससे धान की रोपाई और बुवाई प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की परेशानी दूर करने के बजाय तमाशबीन बनी हुई है।
स्मार्ट मीटर पर भी सरकार घिरी, बढ़े बिजली बिलों पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। नेताओं का कहना था कि पहले से महंगाई झेल रही जनता अब भारी-भरकम बिजली बिलों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की शिकायतें बढ़ी हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर लोगों को राहत देने की मांग की।
नहीं चेती सरकार तो होगा बड़ा आंदोलन
प्रदेश प्रवक्ता राज शर्मा ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं को दबाया नहीं जा सकता। महानगर अध्यक्ष दिनेश दादा ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ती रहेगी। पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार ने किसानों को समय पर खाद और बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि अगर हालात नहीं बदले तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।