बरेली। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को बरेली में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता, किसानों और गरीबों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर पर सुधार होने से ही सरकार की छवि मजबूत होती है।
उप मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने अस्पतालों में समूहों के माध्यम से चादर, तकिया कवर और ओटी यूनिफॉर्म की आपूर्ति को बेहतर पहल बताते हुए इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू करने का सुझाव दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों में दूध, फल और मसालों की आपूर्ति भी स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराई जा रही है। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि समूहों को और अधिक सशक्त बनाया जाए, ताकि महिलाओं को रोजगार और आर्थिक मजबूती मिल सके।
किसानों को न सताएं अधिकारी
समीक्षा बैठक में केशव प्रसाद मौर्य ने किसानों की समस्याओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की उपज खरीद में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निजी जरूरत के लिए खेत से मिट्टी निकालने वाले किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मनमानी से सरकार की छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
आम लोगों को बेवजह परेशान न करें ट्रैफिक पुलिस
डिप्टी सीएम ने ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस को निर्देश दिए कि चेकिंग के नाम पर आम जनता को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उन्होंने निशुल्क हेलमेट वितरण अभियान चलाने को भी कहा। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा और नाथ मंदिरों की सजावट पर फोकस
सावन माह को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नाथ मंदिरों की साज-सज्जा, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने बैठक में कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
गरीबों को उजाड़ने से पहले बसाने के निर्देश
केशव मौर्य ने सरकारी जमीन, चक मार्ग और गोचर भूमि से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए। हालांकि उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान गरीबों को उजाड़ने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवासों को जल्द पूरा करने, अमृत सरोवरों में जल संरक्षण व्यवस्था बेहतर करने और हर घर जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजनाओं की समीक्षा
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड धारकों से निजी अस्पतालों द्वारा पैसे लिए जाने की शिकायतों पर रोक लगाने को कहा। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और पात्र लाभार्थियों को 1500 रुपये मासिक पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह होकर काम करें।