बरेली। 108वें उर्स-ए-रजवी की तैयारियों को लेकर दरगाह आला हजरत की ओर से रेलवे प्रशासन से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की गई है। इसी क्रम में दरगाह प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने मुरादाबाद मंडल के डीसीएम महेश यादव से मुलाकात की और डीआरएम के नाम मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उर्स-ए-रजवी का आयोजन इस वर्ष 06, 07 और 08 अगस्त 2026 को बरेली में किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद रेल मार्ग से बरेली पहुंचते हैं। ऐसे में जायरीन की सुविधा को देखते हुए रेलवे से विशेष इंतजाम करने की मांग की गई है।
सभी दिशाओं से उर्स स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
दरगाह की ओर से दिए गए पत्र में बरेली आने वाली सभी प्रमुख दिशाओं में उर्स स्पेशल ट्रेनों के संचालन, उर्स के दौरान बरेली से गुजरने वाली सभी अप-डाउन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की गई है। इसके अलावा उर्स स्थल पर अस्थायी टिकट विंडो खोलने और ट्रेनों की समय सारिणी उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।
स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने बरेली के सभी रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम कराने की मांग की। साथ ही ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
डीसीएम ने दिया बेहतर सुविधाएं देने का आश्वासन
दरगाह मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि डीसीएम महेश यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि इस बार उर्स के दौरान पिछले वर्ष की अपेक्षा बेहतर रेलवे व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले दरगाह की ओर से रेल मंत्री को भी पत्र भेजकर उर्स स्पेशल ट्रेनें चलाने और जायरीन की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर मांग की जा चुकी है। इसके अलावा डीआरएम इज्जतनगर मंडल को भी पत्र भेजा गया है।