up newsरुहेलखंड विश्वविद्यालय

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश प्रक्रिया के पांचवें चरण की तिथियां जारी कर दी हैं। चौथे चरण के बाद अब ऐसे विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया गया है, जो किसी कारणवश पंजीकरण नहीं करा सके थे या पंजीकरण के बावजूद प्रवेश से वंचित रह गए थे।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार स्नातक स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में पांचवें चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होगी। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर 150 रुपये शुल्क जमा कर आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 जुलाई निर्धारित की गई है।

मेरिट के आधार पर मिलेगा प्रवेश

पांचवें चरण की आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में प्रथम से पांचवें चरण तक पंजीकृत लेकिन अब तक प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों की संयुक्त ऑनलाइन मेरिट सूची तैयार की जाएगी। यह मेरिट सूची 29 से 31 जुलाई के बीच संबंधित कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसर के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।

आरक्षण नियमों के तहत होगा दाखिला

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम प्रवेश प्रक्रिया उत्तर प्रदेश शासन, विश्वविद्यालय और संबंधित नियामक संस्थाओं के आरक्षण एवं प्रवेश नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी। मेरिट सूची के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों को 31 जुलाई तक प्रवेश दिया जाएगा।

विद्यार्थियों को मिली अंतिम राहत

प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरण में मौका मिलने से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो पहले चरणों में आवेदन या प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *