बरेली। कोतवाली से चंद कदम दूर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में रोडवेज बस चालक और ई-रिक्शा चालक के बीच ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने बीच सड़क पर एक-दूसरे पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों के सिर फूट गए, जबकि मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ओवरटेक को लेकर भड़का विवाद, देखते ही देखते चलने लगे डंडे
स्थानीय के मुताबिक रोडवेज की बस पुराने बस अड्डे से निकलकर नवल्टी चौराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने को लेकर दोनों चालकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ने डंडे उठा लिए। बीच सड़क पर दोनों एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार करते रहे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के सामने होती रही मारपीट, बचाने के बजाय हटते रहे सिपाही
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घटनास्थल पर ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद थे, लेकिन मारपीट शुरू होते ही वे बीच-बचाव करने के बजाय खुद इधर-उधर हटते नजर आए। काफी देर तक दोनों पक्ष सड़क पर भिड़ते रहे और लोग तमाशबीन बने रहे। इससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
लोगों ने कराया बीच-बचाव, दोनों घायल
मारपीट बढ़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया। डंडों से हुए हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक भीड़ जुटी रही। घटना का वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।