द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज में गीत, श्लोक अंताक्षरी और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
बरेली। द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज, बरेली में मंगलवार को उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ की ओर से मंडल स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बरेली मंडल के बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपदों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर संस्कृत भाषा, ज्ञान और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दीप प्रज्वलन से हुआ प्रतियोगिता का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जसवंत सिंह, उप निरीक्षक, संस्कृत पाठशालाएं, बरेली परिक्षेत्र, विशिष्ट अतिथि डॉ. शशि प्रभा, प्रबंधक द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज, मंडल संयोजिका डॉ. सुशीला कुमारी और प्रधानाचार्या डॉ. रामश्री ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि प्रतिभागियों ने स्वस्तिवाचन किया।
संस्कृत और भारतीय संस्कृति के महत्व पर जोर
प्रधानाचार्या डॉ. रामश्री ने अतिथियों का बैज लगाकर एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के साथ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के महत्व से परिचित कराया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्वानों ने संभाली निर्णायक की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता में निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए संस्कृत के विद्वान प्राध्यापकों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. वेद प्रकाश, चंदन आर्य, डॉ. धर्मेंद्र मित्तल, सुनील शास्त्री और डॉ. किरन आदि रहे।
गीत प्रतियोगिता में महिमा ने मारी बाजी
गीत प्रतियोगिता में आर्य महिला इंटर कॉलेज, शाहजहांपुर की महिमा ने प्रथम स्थान हासिल किया। एसआरएम इंटर कॉलेज, बीसलपुर, पीलीभीत की शगुन शर्मा द्वितीय और कांति कपूर सरस्वती विद्या मंदिर, बरेली की तेजश्री तृतीय रहीं।
श्लोक अंताक्षरी में उत्कर्ष शर्मा प्रथम
श्लोक अंताक्षरी प्रतियोगिता में श्रीमती जयदेवी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के उत्कर्ष शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री गुरु वशिष्ठ संस्कृत गुरुकुलम के पारस मिश्रा द्वितीय और श्रीमती जयदेवी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के प्रिंस शर्मा तृतीय रहे।
बाल वर्ग सामान्य ज्ञान में राम रतन अव्वल
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के बाल वर्ग में श्रीमती जयदेवी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के राम रतन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राधा माधव पब्लिक स्कूल, बरेली की आंशी राठौर द्वितीय और स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज, मुमुक्षु आश्रम के शाश्वत यादव तृतीय रहे।
युवा वर्ग में वैष्णवी शुक्ला ने हासिल किया पहला स्थान
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के युवा वर्ग में स्वामी सुखदेवानंद डिग्री कॉलेज, शाहजहांपुर की वैष्णवी शुक्ला प्रथम रहीं। गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय, रुद्रपुर, तिलहर, शाहजहांपुर की भामती आर्य ने द्वितीय और एनएमएमएन दास कॉलेज, बदायूं के कौशल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार और प्रमाण पत्र से बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या डॉ. रामश्री ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का आभार जताया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों को तुलसी के पौधे भी भेंट किए गए।
शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में बरेली जनपद के गणमान्य नागरिकों के साथ संस्कृत विद्वान, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और ज्ञान-वर्धक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला।