शाहजहांपुर। पुवायां क्षेत्र में अंतिम संस्कार के बाद जलती चिता की आग पर चिकन पकाने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजन शाम को चिता देखने पहुंचे तो वहां तीन लोगों को कटोरी में मीट पकाते देखकर हैरान रह गए। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
नत्थापुर गांव निवासी वीरपाल के पिता छोटेलाल का बीमारी के कारण 19 सितंबर को निधन हो गया था। 20 सितंबर की दोपहर गांव के पास श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शाम को वीरपाल अपने परिजनों के साथ चिता देखने पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन लोग कटोरी में मीट रखकर चिता में बची आग पर पका रहे थे। यह देखकर वीरपाल और उनके परिजनों ने विरोध किया। आरोप है कि इस पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से भागने लगे। पुलिस ने सुरेंद्र को मौके पर ही पकड़ लिया।
ग्रामीण पहुंचे थाने, तीन लोगों पर दर्ज हुई रिपोर्ट
घटना की जानकारी फैलने पर गांव के कई लोग एकत्र हो गए और थाने पहुंचे। वीरपाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नत्थापुर झंझटपुर निवासी रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने सोमवार को राजेंद्र और रामचरन को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने किसी तरह की तंत्र क्रिया से इनकार किया। उनका कहना था कि उन्हें तंत्र विद्या की जानकारी नहीं है और न ही वे किसी के कहने पर कोई तांत्रिक क्रिया कर रहे थे। थाने में आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते भी दिखाई दिए। परिजनों के मुताबिक, राजेंद्र का शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद चल रहा था और उसने दो दिन से घर में खाना नहीं खाया था। आरोप है कि वह करीब एक किलो चिकन लेकर आया और घर पर पकाने के बजाय श्मशान घाट पहुंच गया।
चिता जल चुकी थी, बची आग पर रखने लगा कटोरा
आरोपी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र शराब के नशे में था और वही करीब एक किलो चिकन लेकर आया था। अंतिम संस्कार के बाद चिता काफी हद तक जल चुकी थी, लेकिन उसमें आग बची हुई थी। इसी आग पर राजेंद्र कटोरे में चिकन पकाने लगा। सुरेंद्र का दावा है कि उसने ऐसा करने से मना भी किया, लेकिन राजेंद्र नहीं माना। वहीं, रामचरन ने खुद को घटना से अलग बताते हुए दावा किया कि वह इसमें शामिल नहीं था और पकड़े गए युवक के उसका नाम लेने के कारण उसे नामजद कर दिया गया। बताया गया कि सोमवार सुबह पुलिस ने जब राजेंद्र को पकड़ा, तब भी वह नशे की हालत में था।
सीओ बोले- तीनों नामजद आरोपी गिरफ्तार
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।